एमआईसी की बैठक संपन्न, शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर…

एमआईसी की बैठक संपन्न, शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के महापौर परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आज महापौर श्री नीरज पाल जी एवं अपर आयुक्त सह सचिव राजेन्द्र कुमार दोहरे जी की उपस्थिति में आहूत की गई। बैठक में जनहित, अधोसंरचना विकास और निगम की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने हेतु डामरीकरण, कचरा प्रबंधन और लीज भूखंडों के प्रयोजन परिवर्तन जैसे अहम विषयों पर गहन चर्चा के बाद कई प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण  द्वारा 30 वर्षीय लीज पर आवंटित भूखंडों के प्रयोजन परिवर्तन हेतु विधि अनुसार प्रक्रिया निर्धारण पर परिषद ने पुनर्विचार कर अपनी सहमति दे दी है। इससे लंबे समय से लंबित प्रकरणों का निराकरण हो सकेगा। जोन-3 के अंतर्गत वार्ड 31 बैकुण्ठधाम स्वागत द्वार से स्वास्थ्य कार्यालय तक और वार्ड 35 किशन चौक से पप्पू चौक होते हुए 1 नंबर पंप हाउस तक डामरीकरण कार्य को मंजूरी दी गई है, जिससे आवागमन सुगम होगा।

एसएलआरएम सेंटर में कचरा पृथकीकरण और गीले कचरे से खाद बनाने के कार्य के साथ-साथ, 15वें वित्त आयोग के ‘मिलियन प्लस सिटी’ योजना के तहत नए संसाधन वाहनों की खरीदी को स्वीकृति दी गई। जोन-2 वैशाली नगर स्थित खेल मैदान के बेहतर संचालन, प्रबंधन और संधारण की जिम्मेदारी निजी/संस्थागत हाथों में सौंपने का निर्णय लिया गया है।
नेहरू नगर (वार्ड 4) के जी.ई. रोड स्थित गार्डन नंबर 1 से 4 के संचालन हेतु ‘रुचि की अभिव्यक्ति’ आमंत्रित करने के प्रस्ताव को सलाहकार समिति के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया है। अवैध वाहन नीलामी और शहर में लावारिस एवं अवैध रूप से खड़े वाहनों की नीलामी तथा सुपेला एवं घासीदास नगर के सामुदायिक भवनों व शांति नगर दशहरा मैदान के खाली परिसर को किराये पर देने हेतु नए सिरे से प्रस्ताव तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में निगम के नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों के सेवा विस्तार और अन्य विभागीय विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, एकांश बंछोर, केशव चौबे, आदित्य सिंह, लालचंद वर्मा, चंद्रशेखर गंवई, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू सहित कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, अनिल सिंह, अरविन्द शर्मा, राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली एवं अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *