इंद्रावती के उफान में पलटी डोंगी: 2 मासूम बच्चों समेत 4 लोग बहे, अबूझमाड़ में सुबह शुरू होगा रेस्क्यू…

बीजापुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में इंद्रावती नदी के उफान ने एक बार फिर ग्रामीणों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। बाजार से सामान लेकर लौट रहे एक ग्रामीण परिवार की डोंगी तेज बहाव में मझधार पर पलट गई, जिससे दो मासूम बच्चे और दो महिलाएं नदी में बह गईं। हादसे में दो अन्य लोगों को स्थानीय ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना उस समय हुई जब ग्रामीण परिवार बाजार से लौटकर इंद्रावती नदी पार कर रहा था। इसी दौरान तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। तेज धार और असंतुलन के चलते डोंगी मझधार में पलट गई और सवार लोग पानी में जा गिरे। चार लोग बह गए, जबकि दो यात्रियों को तत्काल मदद मिल सकी।

तहसीलदार सूर्यकांत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। साथ ही नगर सेना (होमगार्ड) को भी सूचना दे दी गई है।

शाम हो जाने, तेज बहाव और घने जंगल क्षेत्र के कारण रात में बचाव अभियान शुरू नहीं किया जा सका। प्रशासन के अनुसार नगर सेना की टीम सोमवार सुबह मोटर बोट की सहायता से लापता लोगों की तलाश शुरू करेगी। पुलिस और एसडीआरएफ की मदद भी ली जा रही है।

इंद्रावती नदी के पार बसे दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के लिए पीडीएस राशन लाने और बाजार आने-जाने का एकमात्र साधन डोंगी ही है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल मानसून के दौरान डोंगी पलटने की घटनाएं होती हैं, लेकिन अब तक पुल या सुरक्षित परिवहन की ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *