जल संकट और बिजली कटौती पर भड़के विधायक देवेंद्र यादव…

भिलाई नगर। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने जनभेंट कार्यक्रम में जल संकट और बिजली कटौती की शिकायतों पर अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने साफ कहा कि गर्मी में जनता को परेशान किया गया तो लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।

भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-5 स्थित अपने कार्यालय में जनभेंट-मुलाकात कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। विधायक ने एक-एक नागरिक की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

भेंट-मुलाकात में सबसे ज्यादा शिकायतें भीषण गर्मी के बीच जल संकट को लेकर सामने आईं। खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र से पहुंचे करीब 50 से अधिक महिला-पुरुषों ने बताया कि इलाके में पेयजल की भारी समस्या बनी हुई है। नई पानी टंकी का निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर विधायक देवेंद्र यादव ने नाराजगी जताते हुए निगम जोन-4 के अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों में नियमित रूप से टैंकरों से पानी पहुंचाया जाए और जहां जरूरत हो वहां पाइप लाइन का विस्तार किया जाए। विधायक ने कहा कि गर्मी में लोगों को पानी के लिए भटकना पड़े, यह किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के कोहका और कुरूद इलाके से पहुंचे लोगों ने बिजली कटौती की शिकायत की। लोगों ने बताया कि बिना सूचना के बिजली बंद होने से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को अनावश्यक कटौती बंद करने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

इसके अलावा लोगों ने राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन, सहायता राशि, स्कूल प्रवेश और महतारी वंदन योजना से जुड़ी समस्याएं भी विधायक के सामने रखीं। विधायक देवेंद्र यादव ने सभी मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। अधिकारी जनता की परेशानी को गंभीरता से लें और समय पर काम करें, क्योंकि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *