पद्मश्री फूलबासन बाई से मिले विधायक देवेंद्र यादव; बोले-उन्हें भी विधायक जैसी सुरक्षा मिले…

अपहरण प्रयास के बाद हालचाल जानने पहुंचे विधायक; बोले-मामले में बड़ी साजिश की आशंका, परिवार में दहशत

भिलाई। पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई के साथ हाल ही में हुए अपहरण के प्रयास के बाद भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव बुधवार सुबह उनसे मिलने पहुंचे। इस दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। फूलबासन बाई विधायक को देखते ही गले लगकर रो पड़ीं और अपनी पीड़ा साझा की।

मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने घटना को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से महिलाओं के उत्थान के लिए जीवन समर्पित करने वाली और देश-विदेश में पहचान बनाने वाली पद्मश्री सम्मानित शख्सियत के साथ ऐसी घटना हुई, वह शासन और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि हालांकि फूलबासन बाई ने अपनी हिम्मत और सजगता से खुद को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन इस पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। विधायक ने आशंका जताई कि यह सिर्फ सतही घटना नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़ा षड्यंत्र हो सकता है। उन्होंने पुलिस से अपील की कि केवल सामने दिख रहे आरोपियों तक सीमित न रहें, बल्कि इसके पीछे जुड़े सभी लोगों को पकड़ें।

देवेंद्र यादव ने यह भी कहा कि फूलबासन बाई वर्षों से वनांचल क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के लिए काम कर रही हैं। वे कई-कई किलोमीटर पैदल चलकर जरूरतमंदों की मदद करती हैं। ऐसे में उन्हें भी विधायक और पूर्व विधायकों की तरह सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद से फूलबासन बाई का परिवार डरा हुआ है, लेकिन एक भाई होने के नाते वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े हैं।

इस दौरान जिला अध्यक्ष विपिन यादव, जीतू मुदलियार, खुज्जी की पूर्व विधायक छन्नी साहू, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आसिफ अली, प्रदेश सचिव कांग्रेस मेहुल मारू, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव, मानव देशमुख, विशु अजमानी और NSUI जिला अध्यक्ष अमर झा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *