उल्टी-दस्त समझकर करते रहे इलाज; आधे घंटे बाद बिस्तर पर दिखा सांप…

बालोद में करैत के डसने से 6 साल की बच्ची की मौत, देर से हुआ खुलासा

बालोद। बालोद जिले के डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हथोड़ी में सांप के काटने से 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची की पहचान डिंपल यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची मंगलवार रात करीब 12 बजे घर में सो रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे डस लिया, लेकिन परिजनों को इसकी भनक नहीं लगी। कुछ देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टी-दस्त होने लगा। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य बीमारी समझकर घरेलू उपचार किया।

करीब आधे घंटे बाद बिस्तर पर सांप दिखाई देने पर परिजन घबरा गए। इसके बाद वे तत्काल बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इलाज के दौरान ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि डसने वाला सांप करैत प्रजाति का था, जिसका जहर बेहद खतरनाक होता है और कई बार शुरुआत में इसके लक्षण सामान्य बीमारी जैसे दिखाई देते हैं। इस कारण समय पर सही इलाज नहीं मिल पाने से ऐसे मामलों में जान का खतरा बढ़ जाता है।

इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *