विधायक रिकेश सेन ने महापौर संग 49.61 लाख के सड़क डामरीकरण कार्य का किया भूमिपूजन…

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 20 में विकास कार्यों को गति देते हुए 49.61 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस परियोजना का कार्य आदेश मेसर्स टार कारपेट प्राइवेट लिमिटेड को जारी किया गया है।

योजना के तहत वार्ड 20 में शिव मंदिर से विजय तिवारी के निवास के सामने तक, सिंधु भवन के सामने तथा त्रिकोणा पार्क के तीनों ओर स्थित सड़कों का डामरीकरण किया जाएगा। लंबे समय से जर्जर सड़कों के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

भूमिपूजन कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन एवं महापौर नीरज पाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने कुदाल चलाकर और श्रीफल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद स्मिता डोडके एवं अभिषेक मिश्रा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता है। स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए सड़क डामरीकरण का कार्य शुरू किया गया है।

महापौर नीरज पाल ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए।

कार्यक्रम में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सड़क निर्माण की शुरुआत पर स्थानीय निवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *