मां की ममता शर्मसार! महिला ने तीन बच्चों संग कुएं में लगाई छलांग, दो मासूमों की मौत…

जमुई। बिहार के जमुई जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद से आहत एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ 40 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। इस हृदयविदारक घटना में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि महिला और एक बच्ची को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया

स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपने तीनों बच्चों को लेकर गांव के बाहर स्थित कुएं के पास पहुंची। कुछ देर तक वह कुएं के किनारे बैठी रही, फिर एक-एक कर बच्चों को कुएं में फेंक दिया और अंत में खुद भी कुएं में कूद गई।

जैसे ही महिला के कुएं में कूदने की जानकारी गांव में फैली, आसपास के लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। गांव में हड़कंप मच गया। कुछ साहसी ग्रामीण तुरंत कुएं में उतरे, रस्सी मंगवाई गई और रेस्क्यू शुरू किया गया।

ग्रामीणों की तत्परता से महिला और उसकी एक बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो मासूम बच्चों को बचाया नहीं जा सका।

अमीर अंसारी (5 वर्ष),अनीश खातून (8 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। महिला की पहचान रुबीशा खातून (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शमशेर अंसारी की पत्नी बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सोनो थाना क्षेत्र के छपरडीह गांव में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना के SI नन्हे कुमार दुबे घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृत बच्चों के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत परिजनों से बातचीत की है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। हर आंख नम है और लोग इस बात को लेकर स्तब्ध हैं कि घरेलू विवाद ने इतना भयावह रूप कैसे ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *