नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आज जोन-2 वैशालीनगर क्षेत्र का सघन दौरा किया…

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने आज जोन-2 वैशालीनगर क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित एस.एल.आर.एम. सेंटर, पौधारोपण कार्यों, जर्जर सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों का बारीकी से निरीक्षण किया।

आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय एवं जोन आयुक्त येशा लहरे ने कुरूद कैलाश नगर मुक्तिधाम के पीछे नवनिर्मित एसएलआरएम  सेंटर का जायजा लिया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेंटर को जल्द से जल्द चालू किया जाए ताकि कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया सुचारू हो सके। इसके साथ ही, सेंटर के समीप वर्षाऋतु में किए गए पौधारोपण का अवलोकन करते हुए उन्होंने पौधों की नियमित सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वार्ड क्रमांक 21, कैलाश नगर स्थित बघवा चौक की जर्जर हालत को देखते हुए आयुक्त ने  क्षेत्रवासियों की सुविधा हेतु सड़क के निर्माण हेतु नियमानुसार निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के आदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान बघवा चौक के शासकीय भूमि पर नागरिकों द्वारा किए गए अवैध कब्जों और दुकानों का मामला सामने आया। आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल सीमांकन करने और अवैध रूप से संचालित दुकानों को हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराने का अल्टीमेटम दिया।
इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, उप अभियंता चंदन निर्मलकर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर साहनी, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह सहित निगम के अन्य कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।

नगर निगम भिलाई शहर के व्यवस्थित विकास और स्वच्छता के प्रति कटिबद्ध है। किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *