तीन दिन से लापता युवती और युवक के शव बरामद, परिजनों पर हत्या का आरोप
मुरादाबाद। मुरादाबाद के उमरी सब्जी पुर गांव में प्रेम संबंध के चलते हुई दोहरी हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन दिन से लापता एक युवती और उसके प्रेमी के शव नीम करौली बाबा मंदिर के पीछे स्थित खेत से खुदाई कर बरामद किए हैं। दोनों की हत्या फावड़े से किए जाने की पुष्टि प्रारंभिक जांच में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक युवती काजल गांव की ही रहने वाली थी। वह पढ़ाई के साथ-साथ एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। काजल का गांव के ही युवक अरमान के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था।
18 जनवरी की रात अरमान अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा, जहां परिजनों ने दोनों को एक साथ देख लिया। आरोप है कि इसी बात से गुस्साए काजल के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और फावड़े से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से दोनों शवों को गांव से दूर गागन नदी किनारे नीम करौली बाबा मंदिर के पास खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
युवती के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गहन छानबीन शुरू की। पूछताछ के दौरान शक गहराने पर युवती के दो भाइयों को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली, जिसके बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर खुदाई कर शव बरामद किए।
शव बरामद होने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए एसपी क्राइम, सीओ सिविल लाइन, थाना कटघर, मझोला, मुगलपुरा और मुंडा पांडे की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची।
एहतियातन गांव में पीएसी तैनात की गई है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि युवक और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे। गहराई से जांच करने पर युवती के भाइयों पर शक हुआ। पूछताछ में उन्होंने हत्या की बात स्वीकार की है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्राम प्रधान बबलू सैनी ने बताया कि गांव में दोनों के संबंधों की चर्चा थी, लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा। उन्होंने प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामला हत्या और साक्ष्य छिपाने से जुड़ा है। किसी भी तरह के सामाजिक या सांप्रदायिक निष्कर्ष पर फिलहाल पुलिस ने कोई टिप्पणी नहीं की है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी।