21 जून को फ़िर होगी NEET-UG 2026 परीक्षा; छात्रों को मिलेगा 15 मिनट अतिरिक्त समय…

पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार और NTA का बड़ा फैसला; नहीं देनी होगी अतिरिक्त फीस, परीक्षा शहर बदलने का भी मिलेगा विकल्प

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा दोबारा कराने की घोषणा कर दी है। अब NEET-UG 2026 की री-एग्जाम 21 जून को आयोजित होगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि छात्रों को इस बार 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा, ताकि वे OMR शीट और अन्य औपचारिकताएं बिना दबाव के पूरी कर सकें।

NTA के अनुसार परीक्षा का समय अब दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक रहेगा। पहले परीक्षा 5 बजे समाप्त होती थी। अतिरिक्त 15 मिनट विशेष रूप से OMR भरने, हस्ताक्षर और निर्देश पढ़ने के लिए जोड़े गए हैं।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने या नई फीस जमा करने की जरूरत नहीं होगी। सभी उम्मीदवारों के लिए नए एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी किए जाएंगे। साथ ही परीक्षार्थियों को अपनी पसंद का परीक्षा शहर फिर से चुनने का मौका भी मिलेगा।

गौरतलब है कि 3 मई को हुई NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है और कई राज्यों में कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसियों को राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र तक फैले कथित एग्जाम माफिया नेटवर्क के सुराग मिले हैं।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने के लिए बड़े बदलावों पर काम कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि वर्ष 2027 से NEET परीक्षा को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कराने पर भी विचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *