नेपाल ने सीमा सुरक्षा पर कसा शिकंजा; भारत से सटी चौकियों और जर्जर पुलिस भवनों के पुनर्निर्माण का ऐलान…

नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण किया, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के साथ पुलिस ढांचे को आधुनिक बनाने की घोषणा।

अररिया/बीराटनगर। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से नेपाल सरकार ने बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने भारत से सटी सीमा का निरीक्षण करने के दौरान कहा कि देशभर में जर्जर हो चुके पुलिस भवनों का चरणबद्ध तरीके से पुनर्निर्माण किया जाएगा, ताकि पुलिस बल की कार्यक्षमता और सीमा सुरक्षा दोनों को बेहतर बनाया जा सके।

गृह मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है। इसके लिए निगरानी तंत्र का विस्तार और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने स्वीकार किया कि नेपाल के कई जिलों में पुलिस भवन बेहद जर्जर स्थिति में हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। इसलिए सरकार ने पुलिस आधारभूत ढांचे के व्यापक आधुनिकीकरण का निर्णय लिया है।

भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा होने के कारण दोनों देशों के लिए सीमा सुरक्षा बेहद संवेदनशील विषय है। ऐसे में नेपाल सरकार का यह कदम सीमा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *