8 जुलाई को सीएम योगी की मौजूदगी में एसबीआई से होगा एमओयू, लगभग 10 लाख शिक्षक और कर्मचारी होंगे लाभान्वित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए बड़ी सौगात लेकर आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 8 जुलाई को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का भी शुभारंभ होगा। इस पहल से प्रदेश के करीब 10 लाख शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया तथा अन्य नियमित और संविदा कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
नई व्यवस्था के तहत पात्र शिक्षकों और कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ ₹10 लाख तक का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी मिलेगा। इसके अलावा नियमित कर्मचारियों को ₹1 करोड़ तक का पर्सनल एक्सीडेंट बीमा, ₹1 करोड़ का स्थायी दिव्यांगता कवर और ₹1.60 करोड़ तक का एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस उपलब्ध कराया जाएगा। अनहोनी की स्थिति में बच्चों की शिक्षा और बेटियों के विवाह के लिए अतिरिक्त बीमा लाभ भी दिए जाएंगे।
संविदा कर्मचारियों के लिए भी विशेष सुरक्षा प्रावधान किए गए हैं। ₹10 हजार या उससे अधिक मासिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को ₹30 लाख तक का दुर्घटना बीमा, स्थायी दिव्यांगता पर ₹30 लाख और आंशिक दिव्यांगता पर ₹15 लाख का कवर मिलेगा। वहीं ₹10 हजार से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों को जीरो बैलेंस खाते और रुपे डेबिट कार्ड के आधार पर ₹1 लाख का बीमा कवर मिलेगा।
सरकार के अनुसार, 8 जुलाई को वाराणसी से शुरू होने वाली मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत पात्र शिक्षकों और उनके आश्रितों को आयुष्मान भारत की तर्ज पर कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। बेसिक शिक्षा विभाग के लाखों लाभार्थी पहले ही पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए भी पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।