भिलाई में सौहार्द और भाईचारे का संदेश देता नववर्ष मिलन समारोह…

भिलाई। भिलाई के सेक्टर-9 स्थित गोल बाजार के पास संतोष चाय सेंटर ग्राउंड में सामाजिक कार्यकर्ता राहुल भोसले एवं पूर्व पार्षद कामिल रॉबर्ट एंटोनी के संयुक्त तत्वावधान में भव्य नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और सौहार्द का जीवंत उदाहरण बना।

समारोह की खास बात यह रही कि इसमें कांग्रेस और भाजपा के नेता एक मंच पर नजर आए और एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सकारात्मक संदेश दिया। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी ने मिलकर नए वर्ष का स्वागत किया।

आयोजनकर्ताओं द्वारा अतिथियों के लिए पारंपरिक स्वाद से भरपूर लिट्टी-चोखा का विशेष कार्यक्रम रखा गया, जिसका सभी उपस्थितजनों ने मस्ती-मजाक के बीच भरपूर आनंद लिया।

इस नववर्ष मिलन समारोह में कांग्रेस और भाजपा नेताओं के साथ-साथ भिलाई के सामाजिक कार्यकर्ता, बीएसपी के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी, दुर्ग-भिलाई के पीटीआई अधिकारी, भिलाई के व्यापारी वर्ग सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में राहुल भोसले और कामिल रॉबर्ट एंटोनी ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया और इसी तरह सामाजिक समरसता बनाए रखने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *