रायपुर। नक्सल विरोधी अभियान को लेकर सुरक्षा बलों को एक के बाद एक बड़ी सफलताएं मिली हैं। कुख्यात नक्सली देवा बरसे ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आत्मसमर्पण कर दिया है। देवा के साथ 20 अन्य नक्सलियों ने भी हथियार डाल दिए। पुलिस देवा को तेलंगाना के मुलुगु जिले से हिरासत में लेकर हैदराबाद पहुंची, जहां आज दोपहर 3 बजे पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी देगी।
इसी बीच शनिवार सुबह छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 14 नक्सलियों को मार गिराया।
सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर किए गए। वहीं बीजापुर जिले में हुई कार्रवाई में 2 नक्सली मारे गए, जिनके शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं।
बीजापुर में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। डीआरजी की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी, इसी दौरान शनिवार तड़के नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी होती रही। सुबह करीब 5 बजे से मुठभेड़ जारी है। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी जितेंद्र यादव ने की है। सुरक्षा कारणों से मुठभेड़ के सटीक स्थान और ऑपरेशन में शामिल बलों की पूरी जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है।
इससे पहले 25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा के कंधमाल जिले में भी बड़ी कार्रवाई हुई थी। वहां सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में 6 नक्सलियों को मार गिराया था, जिनमें ₹1 करोड़ से अधिक का इनामी सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) गणेश उडके (69) भी शामिल था। इस कार्रवाई में दो महिला नक्सली भी मारी गई थीं। मौके से शवों के साथ भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे।
कंधमाल जिले के चाकापाड़ इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर 23 टीमों को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था। इनमें 20 स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), 2 सीआरपीएफ और 1 बीएसएफ टीम शामिल थी। यह ऑपरेशन कई दिनों तक चला और इसे सुरक्षा बलों की बड़ी रणनीतिक सफलता माना गया।
बहरहाल लगातार हो रही इन कार्रवाइयों और आत्मसमर्पणों से साफ है कि नक्सल नेटवर्क पर दबाव बढ़ता जा रहा है। देवा बरसे का सरेंडर और छत्तीसगढ़-ओडिशा में मुठभेड़ों में मिली सफलता को सुरक्षा एजेंसियां नक्सल विरोधी अभियान में निर्णायक मोड़ के रूप में देख रही हैं।
हालांकि, प्रभावित इलाकों में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है और सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट पर हैं।