स्कूली बच्चों को दिलाई गई स्वच्छता की शपथ…

भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 33 स्थित संतोषी पारा एस.एल.आर.एम. सेंटर में स्कूली बच्चों के लिए एक दिवसीय स्वच्छता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को बताया गया कि सूखा कचरा नीले डस्टबिन और गीला कचरा हरे डस्टबिन में अलग-अलग रखना चाहिए। साथ ही यह जानकारी भी दी गई कि निगम के सफाई मित्र घर-घर से कचरा संग्रह कर उसे एस.एल.आर.एम. सेंटर तक पहुंचाते हैं।

बच्चों को यह भी समझाया गया कि स्वच्छता दीदियां कचरे से पॉलीथिन, प्लास्टिक, धातु सहित अन्य सामग्रियों को अलग-अलग करती हैं। गीले कचरे को मशीन के माध्यम से खाद में बदलने की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। तैयार खाद का उपयोग बागवानी कार्यों में किया जाता है।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने, अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्वच्छता निरीक्षक चूड़ामणि यादव, स्कूल की शिक्षिकाएं तथा निगम का स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *