ओवैसी बोले – मोदी जी 56 इंची सीना है तो आतंकियों को उठाकर भारत लाओ: अगर ट्रम्प वेनेजुएला के राष्ट्रपति को गिरफ्तार कर सकता है, तो आप क्यों नहीं?…

मुंबई। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की आतंकवाद नीति पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने कहा कि जब अमेरिका जैसे देश अपने दुश्मनों के खिलाफ सीधी कार्रवाई कर सकते हैं, तो भारत आतंकवाद के मास्टरमाइंड को पाकिस्तान से पकड़कर क्यों नहीं ला सकता।

एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि- अगर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प वेनेजुएला के राष्ट्रपति को गिरफ्तार कर सकते हैं,
तो मोदी जी, आपका 56 इंच का सीना है, आप पाकिस्तान से आतंकियों को उठाकर भारत क्यों नहीं लाते?”

ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चर्चित “56 इंच के सीने” वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि केवल भाषण और नारे देने से देश सुरक्षित नहीं होता, बल्कि ठोस और निर्णायक कार्रवाई ज़रूरी होती है।

उन्होंने कहा कि हर चुनाव में आतंकवाद के नाम पर वोट मांगे जाते हैं, लेकिन 26/11 मुंबई हमले के दोषी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं।

ओवैसी ने अपने भाषण में सीधे तौर पर कहा कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, मसूद अजहर जैसे आतंकवादी आज भी पाकिस्तान में सुरक्षित हैं और भारत सरकार उन्हें भारत लाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा- अगर सच में आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस है, तो मसूद अजहर को पकड़कर भारत लाओ।

ओवैसी ने इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब मुंबई जैसे शहर पर हमला हुआ, तब से लेकर अब तक सरकारें बदलीं, लेकिन आतंकियों को सजा दिलाने में ठोस नतीजे सामने नहीं आए।

ओवैसी ने कहा कि अमेरिका अपने दुश्मनों के खिलाफ दुनिया के किसी भी कोने में कार्रवाई करने से नहीं हिचकता। उन्होंने इसी उदाहरण के जरिए केंद्र सरकार से सवाल किया कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए वैसी राजनीतिक इच्छाशक्ति क्यों नहीं दिखा रहा।

ओवैसी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश में चुनावी माहौल गरम है और राष्ट्रीय सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। उनके इस बयान के बाद बीजेपी और AIMIM के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *