तिलक में जा रहे 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत: तेज रफ़्तार बाइक पोल से टकराई, गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़…

नवादा। तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे तीन दोस्तों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और शादी की खुशियां शोक में बदल गईं।

मिली जानकारी के अनुसार, गया जिले के रिवाला गांव निवासी सोनू कुमार (20), प्रताप कुमार उर्फ विकास (20) और इंदल मांझी (42) शनिवार रात नवादा जिले के अकबरपुर क्षेत्र में एक तिलक कार्यक्रम में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। देर रात कटघरा गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि सोनू और प्रताप आपस में चाचा-भतीजा थे। वहीं इंदल मांझी की पत्नी 9 महीने की गर्भवती है। परिवार में जल्द नए मेहमान के आने की तैयारी चल रही थी, लेकिन हादसे ने पूरे घर की खुशियां छीन लीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने बाइक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस घर में शादी की शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम का सन्नाटा पसरा है। एक ही गांव के तीन युवकों की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *