उत्तर प्रदेश। सहारनपुर में समलैंगिक रिश्ते (लेस्बियन रिलेशनशिप) में रहने वाली दो युवतियों के अलगाव का एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है। मंडी थाना क्षेत्र में लगभग 6 घंटे तक चली पंचायत के बाद दोनों परिवारों की मौजूदगी में युवतियों ने अलग होने का फैसला किया।
बताते चलें कि समलैंगिक रिश्ते की शुरुआत और विवाद कैसे शुरू हुआ–
शाहजहाँपुर की रहने वाली, युवती कशिश बदला हुआ नाम, जो केमिस्ट है और दूसरी हीना (तीन बच्चों की माँ, मुस्लिम महिला, बदला हुआ नाम) है, जो मंडी थाना क्षेत्र में अपने पति और बच्चों के साथ रहती है। 5 साल पहले दोनों की दोस्ती एक ऑनलाइन जॉब प्लेटफॉर्म पर काम करते हुए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती से आगे बढ़कर प्यार तक पहुँच गई। दोनों महिलाएँ पति-पत्नी की तरह एक ही छत के नीचे रहना चाहती थीं। कशिश हिना के साथ पति बनकर रहना चाहती थी। कशिश 6 दिसंबर को अचानक हिना के घर पहुँच गई, जिसके बाद घर में हंगामा हो गया। कशिश की तलाश में उसकी माँ और भाई भी सहारनपुर आ गए और वहाँ झगड़ा शुरू हो गया।
हिना ने बताया कि उसकी शादी को 9 साल हो चुके हैं और उसके पति पहले मारपीट करते थे और कभी सपोर्ट नहीं किया। कशिश ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ है इसलिए उन्होंने अलग होने का निर्णय लिया। कशिश की माँ ने हिना पर जिहादी साजिश का आरोप लगाया और कहा कि हिना ने उनकी बेटी को किडनैप कर उसका ब्रेनवॉश किया है। उन्होंने यह भी कहा कि हिना बड़े गिरोह से जुड़ी है। कहासुनी बढ़ने पर पुलिस दोनों परिवारों को थाने ले गई। दोनों युवतियों के परिवारों के बीच आपसी बातचीत के बाद सुलह हो गई। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि दोनों परिवारों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पंचायत में यह फैसला हुआ कि युवतियाँ अपने-अपने घर पर रहेंगी, लेकिन कभी-कभी मिल सकती हैं, जब दोनों युवतियाँ अलग होने लगीं, तो वे गले लगकर फूट-फूट कर रोईं। उन्होंने एक-दूसरे को न भूलने और दोस्ती बनाए रखने का वादा किया।