पटना। बिहार में नई सरकार के गठन के बाद से राजनीतिक गलियारों में गरमाहट बनी हुई है। एक ओर जहाँ जेल में बंद बाहुबली विधायक का आवास बदला गया है, वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जेल में बंद बाहुबली विधायक अनंत सिंह के सरकारी आवास का पता बदल दिया गया है। उन्हें अब वीरचंद पटेल के आवास नंबर 11/08 में रहने की व्यवस्था दी गई है। इससे पहले उन्हें माल रोड पर आवास आवंटित हुआ था।
केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। गिरिराज सिंह ने संसद में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर विशेष चर्चा की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर भारत के सबसे बड़े लोकतंत्र के मंदिर में वंदे मातरम् पर चर्चा नहीं होगी तो कहाँ होगी।
उन्होंने वंदे मातरम् को बंगाल की धरती से आजादी का गीत और भारत की विरासत बताया। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को वंदे मातरम् से परेशानी है, और बाबरी मस्जिद को मानने वाले इसके खिलाफ हैं।
यह टिप्पणी निलंबित TMC विधायक हुमायूं कबीर द्वारा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनने वाली मस्जिद की आधारशिला रखे जाने के मामले पर की गई। विधायक कबीर ने शनिवार को मौलवियों के साथ फीता काटकर यह औपचारिकता पूरी की। इस दौरान नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर के नारे भी लगे। गिरिराज सिंह ने इस घटना के लिए सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि हुमायूं कबीर ने इसे नहीं रखा; ममता बनर्जी ने रखा है।