बेंगलुरु। बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले उनके काफिले के रूट पर संदिग्ध पैकेट में दो जिलेटिन स्टिक मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए NIA ने जांच अपने हाथ में ले ली है, जबकि पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित की हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेंगलुरु दौरे से ठीक पहले रविवार को उनके काफिले के तय रूट पर दो जिलेटिन स्टिक मिलने से बड़ा सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया। यह संदिग्ध पैकेट शहर के कग्गलीपुरा-थाथागुनी इलाके में सड़क किनारे मिला, जहां से पीएम का काफिला गुजरने वाला था।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, एंटी-सबोटाज जांच के दौरान एक पुलिसकर्मी को सड़क से करीब 25 फीट दूर फुटपाथ के पास यह पैकेट दिखाई दिया। सूचना मिलते ही बम निरोधक और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और इलाके को तुरंत सील कर दिया गया।
घटना के बाद नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम बेंगलुरु पहुंच गई है और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह सुरक्षा चूक थी या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
कर्नाटक पुलिस ने मामले की जांच के लिए छह विशेष टीमें बनाई हैं। वहीं भाजपा नेताओं ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं।