आकाशगंगा में धारदार हथियार लहराकर लोगों को धमका रहा था युवक, पुलिस ने दबोचा…

हीमालस कॉम्प्लेक्स के पास मुखबिर की सूचना पर सुपेला पुलिस की घेराबंदी, लोहे का धारदार हथियार बरामद; 18 वर्षीय ओम निर्मलकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

भिलाई/दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र के आकाशगंगा स्थित हीमालस कॉम्प्लेक्स के पास सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी आने-जाने वाले लोगों के बीच हथियार लहराकर भय का माहौल पैदा कर रहा था। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हथियार समेत पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हीमालस कॉम्प्लेक्स, आकाशगंगा के पास एक युवक अपने पास धारदार लोहे का हथियार रखकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सुपेला की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम ओम निर्मलकर (18 वर्ष 2 माह) बताया। वह कातुलबोर्ड, मिलन चौक, वार्ड क्रमांक 59, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग का रहने वाला है।

कब्जे से धारदार हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का एक धारदार हथियार बरामद किया और विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1368/2026 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

सार्वजनिक जगह पर हथियार लहराकर पैदा कर रहा था दहशत

पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर उसे लहरा रहा था और आने-जाने वाले लोगों को भयभीत एवं डरा-धमका रहा था। इस तरह की गतिविधि से इलाके में दहशत और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, सउनि राजेश तिवारी, आरक्षक धर्मेन्द्र सूर्यवंशी और सूर्यप्रताप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि सार्वजनिक स्थान पर कोई व्यक्ति हथियार लहराते, लोगों को डराते-धमकाते या शांति व्यवस्था बिगाड़ते दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *