चाकू गले पर अड़ाकर महिला से मंगलसूत्र लूटा, दो नाबालिग हिरासत में; सोने के गहने, मोबाइल और बाइक बरामद…

अमलेश्वर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, झीट-खुड़मुड़ी मेन रोड पर वारदात के बाद रायपुर के भांटागांव में मिले दोनों

दुर्ग। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सड़क पर महिला को रोककर चाकू की नोक पर सोने के गहने लूटने के मामले में पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने महिला को रास्ते में रोककर उसके गले पर चाकू अड़ाया और सोने का मंगलसूत्र लूटकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों को रायपुर के भांटागांव इलाके से हिरासत में लिया। उनके कब्जे से सोने के गहने, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

क्रिकेट मैदान से काम कर लौट रही थी महिला

पुलिस के अनुसार घटना 8 सितंबर 2026 की शाम ग्राम झीट में हुई। पीड़िता अपनी सहेली के साथ नया क्रिकेट मैदान से काम कर वापस घर लौट रही थी। दोनों झीट-खुड़मुड़ी मेन रोड पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचीं, तभी पाटन की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक पहुंचे।

मोटरसाइकिल रोकने के बाद पीछे बैठे युवक ने नीचे उतरकर महिला को चाकू दिखाया और उसके गले पर चाकू अड़ा दिया। इसके बाद उसके गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद लगातार तलाश में जुटी पुलिस

महिला की शिकायत के बाद अमलेश्वर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वारदात के बाद से फरार आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए अमलेश्वर थाना तथा साइबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम लगातार काम कर रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के रायपुर के भांटागांव इलाके में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया।

पूछताछ में वारदात में शामिल होना स्वीकार किया

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

चाकू दिखाकर राहगीरों को निशाना बनाने का तरीका

पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों मोटरसाइकिल से घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। सुनसान या कम भीड़ वाले रास्ते पर लोगों को रोककर चाकू दिखाया जाता था। विरोध करने पर धमकी देकर सोने-चांदी के गहने और अन्य सामान लूटकर दोनों मौके से फरार हो जाते थे।

ये सामान बरामद

पुलिस ने दोनों के कब्जे से चार नग सोने की गोल बूंदे, दो नग सोने के लॉकेट, एक वीवो Y15S मोबाइल फोन, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। बरामद सामान की कुल कीमत पुलिस ने करीब 1.15 लाख रुपए बताई है।

बरामद मोटरसाइकिल का नंबर CG 04 QW 3855 है। सोने की चार बूंदों की कीमत करीब 35 हजार रुपए, दो सोने के लॉकेट की कीमत करीब 20 हजार रुपए और मोबाइल की कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है।

अमलेश्वर पुलिस और साइबर टीम की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना अमलेश्वर और साइबर क्राइम दुर्ग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए घटना के बाद लगातार तकनीकी और मैदानी स्तर पर पतासाजी की, जिसके बाद दोनों को रायपुर से पकड़ा जा सका।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों या गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। किसी आपराधिक घटना की स्थिति में खुद जोखिम लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें और जांच व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *