भारतीय नाविकों की मौत पर गरमाई राजनीति; राहुल गांधी और खरगे ने केंद्र सरकार को घेरा…

नई दिल्ली। अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में तीन भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय नागरिकों की मौत के बाद अमेरिका से माफी की अपेक्षा थी, लेकिन इसके बजाय नसीहतें दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस गंभीर मामले पर पर्याप्त सख्त रुख नहीं अपना रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि जब भारतीय नागरिकों की जान गई है, तब देश को स्पष्ट और मजबूत कूटनीतिक प्रतिक्रिया दिखानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भारतीयों की सुरक्षा और सम्मान के मामले में सरकार को ज्यादा मुखर होना चाहिए।

वहीं, इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष सरकार की विदेश नीति और अमेरिका के प्रति उसके रवैये पर सवाल उठा रहा है, जबकि सरकार की ओर से अभी तक विपक्ष के आरोपों पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बहरहाल तीन भारतीय नाविकों की मौत के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया है और अमेरिका से जवाबदेही तय करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *