जनभेंट कार्यक्रम में पेयजल, बिजली, सड़क और नाली से जुड़ी शिकायतें सुनीं, समस्याओं के शीघ्र निराकरण का दिया भरोसा
भिलाईनगर। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने कहा है कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सेक्टर-5 स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित जनभेंट कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। लोगों ने पेयजल आपूर्ति, बिजली, सड़क, नाली, जल निकासी समेत विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं।
जनभेंट के दौरान गर्मी के मौसम में पर्याप्त पेयजल नहीं मिलने, कई क्षेत्रों में नियमित जल आपूर्ति बाधित होने तथा बार-बार बिजली कटौती की समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। नागरिकों ने बढ़े हुए बिजली बिलों और लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति को लेकर भी नाराजगी जताई।
विधायक देवेंद्र यादव ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल चर्चा की और प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है। जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा प्राप्त सभी शिकायतों का जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पहुंचे नागरिकों ने विधायक द्वारा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित पहल करने पर संतोष व्यक्त किया।