खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नाविकों में दहशत, सरकार और नौसेना से सुरक्षा की मांग
ईरान। ईरान और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नाविकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ भारतीय नाविक दावा कर रहे हैं कि क्षेत्र में हो रहे हमलों में भारतीय चालक दल वाले जहाजों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। नाविकों ने भारत सरकार और भारतीय नौसेना से तत्काल मदद और सुरक्षा की अपील की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, होर्मुज और ओमान तट के आसपास काम कर रहे कई भारतीय नाविकों में डर का माहौल है। हाल के दिनों में क्षेत्र में कई वाणिज्यिक जहाज हमलों की चपेट में आए हैं, जिनमें भारतीय चालक दल के सदस्य भी प्रभावित हुए हैं। कुछ घटनाओं में भारतीय नाविकों की मौत और लापता होने की खबरें भी सामने आई हैं।
भारतीय नाविक संगठनों ने चेतावनी दी है कि खाड़ी क्षेत्र में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं और व्यापारी जहाजों पर काम कर रहे नागरिक नाविक सबसे ज्यादा जोखिम में हैं। उन्होंने संघर्ष क्षेत्र में काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहल करने की मांग की है।
वहीं भारत सरकार ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखी है। हाल में जहाजों पर हुए हमलों के बाद केंद्र ने संबंधित एजेंसियों, नौसेना और विदेश मंत्रालय को अलर्ट पर रखा है। सरकार का कहना है कि भारतीय नाविकों और समुद्री हितों की सुरक्षा के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है।
हालांकि विदेश मंत्रालय ने कुछ वायरल दावों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि भारतीयों को लेकर चल रहे हर जहाज पर हमला होने की खबरें सही नहीं हैं और कई मामलों में चालक दल सुरक्षित है। इसके बावजूद क्षेत्र में जारी तनाव ने भारतीय नाविकों और उनके परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।