कांग्रेस नेता ने शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग उठाई, बोले- 22 लाख छात्रों की मेहनत हुई बर्बाद
नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए पूछा कि आखिर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अब तक पद से क्यों नहीं हटाया गया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस विवाद ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि करीब 22 लाख छात्रों ने दो वर्षों तक दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं ने उनकी उम्मीदों को झटका दिया। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर प्रसारित किया गया था।
कांग्रेस नेता ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए और कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक युवाओं का भरोसा तोड़ रहे हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, NEET पेपर लीक मामले की जांच कर रही CBI ने अब तक कई आरोपियों को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह संगठित गिरोह के जरिए चलाया जा रहा बड़ा नेटवर्क हो सकता है।