अल्पसंख्यकों और प्रेस स्वतंत्रता पर भारत का नीदरलैंड को जवाब; कहा- हमारा लोकतंत्र मजबूत और जीवंत…

विदेश मंत्रालय ने कहा- भारत विविधताओं से भरा देश, यहां सभी धर्मों और समुदायों को बराबर सम्मान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान अल्पसंख्यकों और प्रेस स्वतंत्रता को लेकर उठे सवालों पर भारत ने कड़ा जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम)‌सी बी जार्ज Sibi George ने कहा कि भारत एक मजबूत, जीवंत और विविधताओं से भरा लोकतांत्रिक देश है, जहां सभी धर्म और समुदाय स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ रहे हैं।

नीदरलैंड में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जब भारत में अल्पसंख्यकों और मीडिया की स्वतंत्रता को लेकर सवाल पूछा गया, सी बी जॉर्ज ने कहा कि ऐसे सवाल भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक संरचना की पूरी समझ नहीं होने के कारण उठते हैं। उन्होंने कहा कि भारत 5000 साल पुरानी सभ्यता वाला देश है और यहां हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख धर्म की उत्पत्ति हुई, जो आज भी फल-फूल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जहां यहूदी समुदाय को कभी उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़ा। साथ ही ईसाई और मुस्लिम समुदाय भी सदियों से भारत में सम्मानपूर्वक रह रहे हैं। भारत का लोकतंत्र “शोरगुल वाला लेकिन मजबूत” है और यहां अभिव्यक्ति तथा प्रेस की स्वतंत्रता पूरी तरह सुरक्षित है।

विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि स्वतंत्रता के समय भारत में अल्पसंख्यकों की आबादी करीब 11 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 20 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत में सभी समुदाय सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रह रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और नीदरलैंड ने अपने संबंधों को “स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” के स्तर तक पहुंचाने का फैसला किया। दोनों देशों के बीच व्यापार, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी और रक्षा समेत कई क्षेत्रों में 17 अहम समझौतों पर सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *