मोहन नगर में जैन मंदिर के सामने दुकान पर छापा: हुक्का फ्लेवर और ई-सिगरेट की बड़ी खेप बरामद; दो आरोपी न्यायिक रिमांड पर, नशे के खिलाफ अभियान तेज…

दुर्ग में हुक्का-ई-सिगरेट पर पुलिस का शिकंजा:
₹1 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हुक्का और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और मौके से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री जब्त की है।

पुलिस को 22 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मालवीय नगर स्थित जैन मंदिर के सामने एक दुकान में अवैध रूप से हुक्का से जुड़े तंबाकू उत्पाद और ई-सिगरेट का भंडारण व बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली, जहां प्लास्टिक बोरियों में हुक्का फ्लेवर, इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, चारकोल और अन्य सामग्री रखी मिली।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 55 पैकेट हुक्का फ्लेवर, 40 नग इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट, हुक्का नोजल व कोयला के पैकेट और ₹600 नकद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹1,02,100 बताई गई है।

इस मामले में पुलिस ने सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेश जैन (38) और शैलेश जैन (36), दोनों निवासी मालवीय नगर, दुर्ग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद और ई-सिगरेट बेचकर अवैध रूप से मुनाफा कमा रहे थे।

पुलिस की अपील:

दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में नशे से जुड़े किसी भी अवैध कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *