दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में सेवा का कीर्तिमान; 18 लाख 72 हजार 700 थालियां वितरित; जनसहयोग से आगे बढ़ रहा अभियान…

दो साल में 18.72 लाख जरूरतमंदों तक पहुंचा श्रीराम रसोई का भोजन

भिलाई। जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित श्रीराम रसोई ने सेवा का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पिछले दो वर्षों में दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर जिले के जरूरतमंदों को कुल 18 लाख 72 हजार 700 भोजन थालियां परोसी गई हैं। यह उपलब्धि समाजसेवा और जनसहयोग का बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।

संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार, श्रीराम रसोई का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, श्रमिक, मरीजों के परिजन और जरूरतमंद लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। नियमित रूप से संचालित इस सेवा अभियान को समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग मिल रहा है, जिससे हजारों लोगों तक प्रतिदिन भोजन पहुंचाया जा रहा है।

रसोई से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि सेवा कार्य को आगे भी विस्तार दिया जाएगा ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभ मिल सके। संस्था ने इस उपलब्धि का श्रेय दानदाताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगी संगठनों को दिया है, जिनके सहयोग से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *