होम-बेस्ड केयर गिवर के 3500 पदों पर भर्ती, हर महीने ₹1.99 लाख तक वेतन; 10वीं पास भी कर सकेंगे आवेदन
रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए इजराइल में रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। इजराइल में होम-बेस्ड केयर गिवर (Home-Based Caregiver) के करीब 3500 पदों पर भर्ती की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को ₹1.99 लाख प्रतिमाह तक वेतन मिलने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, भर्ती के लिए 10वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, केयर गिविंग से जुड़ा प्रशिक्षण, अनुभव और अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आयु सीमा 25 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
केयर गिवर का काम बुजुर्गों, दिव्यांगों या विशेष देखभाल की जरूरत वाले लोगों की सहायता करना होगा। इसमें दैनिक गतिविधियों में मदद, स्वास्थ्य संबंधी देखरेख और आवश्यक सहयोग शामिल है। चयनित उम्मीदवारों को वेतन के अलावा आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य लाभ भी मिल सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, इजराइल में बुजुर्ग आबादी बढ़ने के कारण प्रशिक्षित केयर गिवर्स की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से भारतीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी पात्रता, दस्तावेज और अन्य शर्तों की जानकारी संबंधित रोजगार कार्यालयों एवं अधिकृत एजेंसियों से सत्यापित करने की सलाह दी गई है।