सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति पर कार्रवाई, 10 से 30 रुपये तक लिए जा रहे थे पार्किंग शुल्क; तत्काल वसूली बंद करने की हिदायत
भिलाई। गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं से पार्किंग के नाम पर अनधिकृत राशि वसूले जाने की शिकायत पर नगर पालिक निगम भिलाई ने सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल में कार्रवाई की। निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर निगम की टीम ने संध्याकाल में मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निगम की टीम ने पाया कि शिवमानस गणेशोत्सव समिति की ओर से किसी प्रकार का पार्किंग शुल्क नहीं लिया जा रहा था। वहीं सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति, सेक्टर-10 द्वारा स्वास्तिक सायकल स्टैंड के नाम से दुपहिया और चौपहिया वाहनों से पार्किंग शुल्क वसूले जाने की जानकारी सामने आई।
बताया गया कि वाहनों के अनुसार 10, 20 और 30 रुपये तक की राशि पार्किंग शुल्क के रूप में ली जा रही थी। निगम की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीदें जब्त कर लीं।
इसके साथ ही समिति के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पार्किंग शुल्क वसूली बंद करने की स्पष्ट हिदायत दी गई। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की अनधिकृत वसूली करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गणेशोत्सव में व्यवस्थाओं पर निगम की नजर
नगर निगम भिलाई की ओर से गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडालों एवं आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। निगम ने गणेशोत्सव समितियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आयोजन संचालित करें और श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अनधिकृत राशि की वसूली न करें।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिक निगम भिलाई जोन क्रमांक-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित पुलिस प्रशासन भिलाई नगर की टीम मौजूद रही।