रायपुर। राजधानी रायपुर में डॉग रेस्क्यू संस्था के नाम पर कथित दबंगई का मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भांटागांव चौक में चार माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट किए जाने की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुरप्रीत कौर गिल चार माह की गर्भवती हैं। आरोप है कि एक डॉग रेस्क्यू संस्था से जुड़ी महिला अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंची और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पीड़िता के साथ मारपीट कर दी और उसे धमकाया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और उसका पालतू कुत्ता भी छीन लिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने संस्था का नाम लेते हुए उसे डराने-धमकाने की कोशिश की और मौके पर हंगामा किया।
घटना के बाद पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। प्रारंभिक जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी किरण घनश्याम आहूजा समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामला और सुर्खियों में आ गया। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार बताई जा रही है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।