नारायणपुर। जिले के भरंडा गांव में कथित धर्मांतरण को लेकर सोमवार रात तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आरोप है कि ‘प्रेस’ लिखी एक चारपहिया गाड़ी में कुछ लोग, जिनमें पास्टर भी शामिल बताए जा रहे हैं, गांव पहुंचे थे। इसके बाद ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में 2 से 3 लोगों के घायल होने की खबर है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बाहरी लोग आदिवासी समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हाथापाई शुरू हो गई।
विवाद के दौरान एक महिला सहित कुछ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। हालात को नियंत्रित करने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि धर्मांतरण के आरोपों की जांच की जा रही है और सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। गाड़ी में आए लोगों की पहचान, उनके गांव आने का उद्देश्य और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।