नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में भेजा गया था जेल; बैरक के अंदर फंदे पर लटका मिला शव; मजिस्ट्रियल जांच शुरू…

जांजगीर जेल में कैदी ने लगाई फांसी, एक दिन पहले ही रेप केस में हुआ था गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिला जेल में एक विचाराधीन कैदी का शव फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर एक दिन पहले ही जेल भेजा गया था। मंगलवार सुबह जेल कर्मियों ने उसे बैरक के अंदर फांसी के फंदे से लटका देखा, जिसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, कैदी को हाल ही में पॉक्सो एक्ट और रेप के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेजा गया था। सुबह नियमित जांच के दौरान वह फंदे पर लटका मिला। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जेल के अंदर हुई इस मौत के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

नियमों के तहत मामले की मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *