बोले- जनता ने चुनाव में फैसला सुना दिया, कांग्रेस पहले अपने कार्यकर्ताओं को संविधान और लोकतंत्र का पाठ पढ़ाए
बिलासपुर, 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के ‘वनवासी’ वाले बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने बैज के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आदिवासी हैं या नहीं, इसका प्रमाण पत्र देने का अधिकार कांग्रेस को नहीं है। उन्होंने कहा कि साय की पहचान प्रदेश की जनता ने तय की है और उन्हें कांग्रेस के किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने सोमवार को भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू होने वाले भाजपा के सेवा पखवाड़े की जानकारी भी दी।
‘जनता ने चुनाव में अपना फैसला सुना दिया’
कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ आदिवासी बहुल राज्य है और प्रदेश की जनता ने विधानसभा चुनाव में अपना निर्णय स्पष्ट रूप से दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहचान और उनकी राजनीतिक भूमिका पर कांग्रेस को प्रमाण पत्र देने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने दीपक बैज के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने अपना फैसला लोकतांत्रिक तरीके से दिया है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर पर भी साधा निशाना
कांग्रेस के संभाग स्तरीय ‘सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर’ को लेकर भी कौशिक ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण जरूरी है, लेकिन कांग्रेस को अपने कार्यकर्ताओं को पहले लोकतंत्र और संविधान के प्रति विश्वास रखना सिखाना चाहिए।
कौशिक ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अपने कार्यकर्ताओं को यह समझाना चाहिए कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान के प्रति उनकी क्या जिम्मेदारी है।
शराब घोटाले को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कौशिक ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए कथित शराब घोटाले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि उस समय बने शराब सिंडिकेट को भाजपा सरकार ने खत्म किया है। उनके मुताबिक शराब कारोबार में ऑनलाइन और ऑफलाइन व्यवस्था में बदलाव कर पारदर्शिता लाने की कोशिश की गई है।
सेवा पखवाड़े में होंगे कई कार्यक्रम
कौशिक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से भाजपा सेवा पखवाड़ा शुरू करेगी। इसके तहत बिलासपुर में करीब 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें दीप प्रज्वलन, स्कूलों में चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता, नाटक, ‘सेवा की कहानियां’, सेवा ज्योति कलश यात्रा और पदयात्रा जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा करीब 250 बाइकर्स के बनारस जाने और वहां भगवान का जलाभिषेक करने की भी योजना बताई गई।
भाजपा की ओर से ‘सुशासन संवाद’ के माध्यम से पंचायत से संसद तक लोगों को जोड़ने की बात भी कही गई है।