स्वास्थ्य विभाग, सब-इंस्पेक्टर और पुलिस भर्ती में सेटिंग का झांसा; 6 ग्रामीणों से 2021-22 में वसूली
भिलाई। भाजपा के निष्कासित नेता जयप्रकाश यादव के खिलाफ सुपेला थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उसने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 6 से ज्यादा लोगों से करीब 16 लाख रुपये ठग लिए।
मामले में अर्जुंदा, जिला बालोद निवासी मिथलेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि जयप्रकाश यादव का उसके गांव देवगहन में आना-जाना था। गांव के ही ओमप्रकाश सिन्हा ने उसकी पहचान ग्रामीणों से कराई थी। जयप्रकाश खुद को बड़े नेताओं और मंत्रियों से करीबी बताता था और दावा करता था कि वह सरकारी विभागों में नौकरी लगवा सकता है।
किससे कितनी रकम ली
आरोप के मुताबिक वर्ष 2021 से 2022 के बीच अलग-अलग पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर रकम ली गई –
स्टाफ नर्स के लिए धनेश्वरी साहू से 4 लाख।
सब-इंस्पेक्टर पद के लिए कोमा साहू से 4 लाख।
सब-इंस्पेक्टर के लिए डोमेश्वर से 3 लाख।
प्यून पद के लिए मनोज से 2 लाख।
जीडी कांस्टेबल के लिए महेश कुमार से 2 लाख।
प्यून पद के लिए विशेष दास से 1 लाख।
शिकायतकर्ता मिथलेश कुमार ने बताया कि उसने अपनी पुश्तैनी कृषि भूमि बेचकर और केसीसी लोन लेकर किस्तों में रकम दी थी।
जब किसी की नौकरी नहीं लगी तो पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।