एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज़ कराया जाएगा शिवबारात: 15 फरवरी को हथखोज से निकलेगी भव्य शोभायात्रा…

भिलाई। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर 15 फरवरी को भिलाई में भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली जाएगी। बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा आयोजित यह शिवबारात इस बार खास होगी, क्योंकि इसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

समिति अध्यक्ष दया सिंह ने बताया कि आयोजन का यह 18वां वर्ष है। दोपहर 2 बजे इंदिरा नगर हथखोज वार्ड नंबर-1 से बारात प्रस्थान करेगी। राम जानकी शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा ट्रांसपोर्ट नगर, केनाल रोड, कार्तिकेय चौक, बोल बम चौक, नंदी तिराहा, जोन-1 शिव मंदिर, जोन-2 श्रीराम चौक होते हुए खुर्सीपार के दुर्गा मैदान स्थित विवाह स्थल पर संपन्न होगी।

बारात में देश के विभिन्न प्रदेशों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। चार हजार से अधिक लोग राम, रावण, विभीषण, किन्नर, भूत-पिशाच और अन्य पौराणिक पात्रों की वेशभूषा में शामिल होंगे। शिव-विवाह की झांकी और देवी-देवताओं के दर्शन श्रद्धालुओं को विशेष आकर्षित करेंगे।

आयोजन के लिए 31 हजार कार्ड वितरित किए गए हैं। समिति ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर शिवबारात को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *