सेक्टर 6 साईं मंदिर में फिल्मी अंदाज़ में चोरी: गेट तोड़ा, 7 नकाबपोशों ने गार्ड को बांधकर नकदी और आभूषण लूटे…

भिलाई के सेक्टर-6 साईं मंदिर में नकाबपोशों ने की बड़ी चोरी, गार्ड को पीटकर बंधक बनाया

भिलाई,दुर्ग। भिलाई में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात भिलाई सेक्टर-6 के साईं मंदिर में बड़ी चोरी की वारदात हुई, जिसमें लगभग 7 नकाबपोश चोरों ने मंदिर परिसर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के मुकुट व नकद चोरी कर फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

देर रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच, नकाबपोश बदमाश मंदिर के गेट के ताले तोड़कर भीतर घुसे। उन्होंने मंदिर के गार्ड के हाथ-पैर बाँधकर उसकी पिटाई की, फिर उसे बंधक बनाकर रखा।
चोरों ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए ताकि फुटेज न मिल सके। इसके बाद उन्होंने साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट, चरण पादुका और दान पेटी से नकदी उठाकर ले गए।

सुबह जैसे ही गार्ड को बंधा व घायल अवस्था में पाया गया, दूसरे गार्ड और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

फिलहाल चोरी की संपत्ति की कुल कीमत अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। मंदिर समितियों और स्थानीय लोगों में मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *