बलौदा बाजार। जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो पुलिस आरक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों जवान बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे और अचानक एक ट्रेलर की चपेट में आ गए।
मृतकों की पहचान आरक्षक धर्मेंद्र यादव – निवासी परसबोड़, साइबर सेल में पदस्थ। आरक्षक प्रशांत दीवान – निवासी नवागढ़, बेमेतरा, हथबंद में पदस्थ के रूप में हुई है। दोनों नियमित ड्यूटी के लिए बाइक से निकले थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर चल रहा ट्रेलर अचानक टर्न लेने लगा। पीछे से आ रही बाइक ट्रेलर के पिछले पहिए के नीचे आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों आरक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रेलर चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
दोनों जवानों की असमय मौत से पुलिस विभाग और परिजनों में शोक की लहर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।