गला दबाकर की हत्या, कीटनाशक भी पिलाया; पुलिस जांच में खुला राज, दोनों आरोपी गिरफ्तार
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। शराब पीने और पैसे को लेकर आए दिन होने वाले विवाद से परेशान मां और बड़े भाई ने 23 वर्षीय युवक की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला खुलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना ग्राम गोजी की है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन पोस्टमार्टम में गला दबाने के निशान मिलने और पूछताछ के दौरान विरोधाभासी बयानों ने संदेह पैदा किया। कड़ाई से पूछताछ करने पर मां और बड़े भाई ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोप है कि पहले युवक का गला दबाया गया, उसे कीटनाशक पिलाने की भी कोशिश की गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
जांच में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था और शराब के लिए घर में अक्सर झगड़ा करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि गुस्से में मां और भाई ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।