BSP में 40 साल से लोहा चोरी का आरोप: विधायक रिकेश सेन ने CBI जांच की मांग, बोले- चुनाव में BJP को हराने में हुआ चोरी के पैसे का इस्तेमाल
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में कथित स्क्रैप और लोहे की चोरी को लेकर राजनीति गरमा गई है। वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने दावा किया कि प्लांट में पिछले करीब 40 वर्षों से संगठित तरीके से लोहा चोरी हो रही है। उनका आरोप है कि चोरी से अर्जित धन का इस्तेमाल चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों को हराने के लिए भी किया गया।
विधायक ने पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इस कथित नेटवर्क में शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने आनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी का यह खेल लंबे समय से संरक्षण के कारण चलता रहा और अब इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
हाल के दिनों में भिलाई स्टील प्लांट में कथित स्क्रैप चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारियों के बाद यह मुद्दा और अधिक चर्चा में आ गया है। हालांकि, विधायक के चुनावी फंडिंग से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की मांग जारी है।