भिलाई में महीनेभर चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 सितंबर से शहर में शुरू होंगी जनसेवा और स्वच्छता की मुहिम…

दीप प्रज्ज्वलन से लेकर नुक्कड़ नाटक, जलस्रोतों की सफाई और जनसमस्या समाधान तक होंगे कार्यक्रम; 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा समापन

भिलाईनगर। भिलाई शहर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। राज्य शासन के निर्देश पर नगर पालिक निगम भिलाई ने महीनेभर चलने वाले इस अभियान की रूपरेखा तैयार की है। अभियान में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जनजागरूकता और नागरिक सेवाओं से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह होगी कि इन गतिविधियों में आम नागरिकों के साथ स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय संगठन भी भागीदारी करेंगे।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत शहर के परिवारों को अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। निगम की ओर से कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

स्कूलों में बच्चों के सपनों को मिलेगी उड़ान

‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निगम संबंधित स्कूलों से समन्वय कर प्रतियोगिताओं के लिए स्थान, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराएगा।

वहीं 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को विभिन्न जनसेवा और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों में भी होगा स्वच्छता उत्सव

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ मनाया जाएगा। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता तथा मूलभूत व्यवस्थाओं पर काम किया जाएगा। कार्यक्रम में माताओं, हितग्राहियों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी कराई जाएगी।

अभियान में निगम की विभिन्न योजनाओं से लाभ लेने वाले हितग्राहियों की ‘कहानी बदलाव की’ तैयार की जाएगी। इसमें उन लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी, जिन्हें सरकारी योजनाओं से लाभ मिला है।

तालाब-कुएं और सार्वजनिक जलस्रोतों की होगी सफाई

‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत शहर के तालाब, कुएं, जलस्रोत और सार्वजनिक जल परिसरों की सफाई व सुधार पर जोर रहेगा। जल संरक्षण को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम भी होंगे। इसमें स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय संगठनों को भी जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा ‘सेवा-मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 25 अलग-अलग सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नदी घाटों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों और उद्यानों का स्वच्छता-सौंदर्यीकरण तथा पौधारोपण जैसे काम अभियान का हिस्सा होंगे।

शिविर लगाकर मौके पर सुनी जाएंगी नागरिकों की समस्याएं

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर लगाए जाएंगे। इनमें नागरिक सेवाओं के लिए काउंटर और हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। लोग अपने आवेदन और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। लंबित मामलों का फॉलोअप करने के साथ मौके पर ही संभव समस्याओं का निराकरण करने की व्यवस्था भी रहेगी।

इसके साथ ही रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल अभियान और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज के जरिए स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जल प्रबंधन, डिजिटल सेवाओं, यातायात और शहरी पर्यावरण से जुड़े नए विचारों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

बस्तर सहित परिवर्तनकारी स्थलों की यात्रा, 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा

अभियान में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत बस्तर सहित विभिन्न परिवर्तनकारी स्थलों और दिवसीय यात्राओं का आयोजन भी प्रस्तावित है। वहीं 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी।

निगम की ओर से अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों का फोटो और वीडियो सहित दस्तावेजीकरण किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम की रिपोर्टिंग भी की जाएगी, ताकि अभियान की गतिविधियों और उसके प्रभाव का रिकॉर्ड तैयार हो सके।

17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ से होगा समापन

एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का समापन 17 अक्टूबर 2026 को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ कार्यक्रम के साथ होगा। इसमें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है। कार्यक्रम में नगर निगम के उत्कृष्ट कार्यों और जनसेवा से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

नगर निगम भिलाई ने शहरवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। निगम का कहना है कि नागरिकों की सहभागिता से जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नगर विकास से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक रूप से सफल बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *