तंत्र-मंत्र के नाम पर शर्मनाक खेल: ‘जिन्न’ का डर दिखाकर युवती से शोषण की कोशिश…

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर महिलाओं के शोषण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कथित तांत्रिक ने झाड़-फूंक के बहाने एक युवती को बंधक बना लिया और यह कहकर उसके कपड़े उतरवाने की कोशिश की कि उसके पेट में ‘जिन्न का बच्चा’ है। युवती की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह कुछ दिनों से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस कर रही थी। इसी दौरान परिजनों के कहने पर वह एक कथित तांत्रिक के पास झाड़-फूंक के लिए गई। आरोपी तांत्रिक ने खुद को चमत्कारी बताते हुए पहले पूरे परिवार को भरोसे में लिया और फिर एक-एक कर सभी को कमरे से बाहर भेज दिया।

युवती का आरोप है कि जैसे ही वह कमरे में अकेली रह गई, तांत्रिक ने दरवाजा बंद कर दिया और कहा कि उसके पेट में ‘जिन्न का बच्चा’ पल रहा है। उसे निकालने के लिए निर्वस्त्र होना जरूरी है। विरोध करने पर आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि जैसे जिन्न ने किया है, वैसा ही मुझे करना पड़ेगा, नहीं तो तुम्हारा पूरा परिवार खत्म हो जाएगा।

डर और सदमे की हालत में युवती चीखने लगी, युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जब अंदर से दरवाजा नहीं खुला तो लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान आरोपी तांत्रिक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामेश्वर बाबा बताया। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से इलाके में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को ठगने का काम कर रहा था।

आगरा एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 बलात्कार का प्रयास, धारा 127 गैरकानूनी बंधक बनाना, धारा 351 आपराधिक धमकी जैसी  गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं। साथ ही पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बीमारी या किसी समस्या के समाधान के लिए फर्जी बाबाओं, तांत्रिकों और अंधविश्वास के चक्कर में न पड़ें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *