अनुपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में हुए डबल मर्डर केस में हत्या से पहले का वीडियो सामने आया है, जिसमें सौतेला बेटा और उसके चार सहयोगी पूरी साजिश रचते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में सौतेला बेटा यह कहते हुए सुना जा सकता है कि तुरंत काटकर पांचों लोग भाग जाएंगे।
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड राजेंद्र पटेल का सौतेला बेटा आलोक उर्फ सूरज पटेल (18) है। उसके साथ देवेंद्र सोनवानी (18) निवासी बरटोला, राजेंद्र ग्राम, सक्षम केशरवानी (18) निवासी कोरिया, छत्तीसगढ़ और 2 नाबालिग शामिल थे इनमें एक किलर छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। पूछताछ में आलोक ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने मम्मी-पापा को मारने के लिए 4 लोगों को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पैसे पहले नहीं दिए गए थे, लेकिन डील फाइनल हो चुकी थी और हत्या के बाद रकम देने की बात तय हुई थी।
साजिश के तहत 9-10 दिसंबर की रात करीब 1 बजे सभी आरोपी लखनपुर पहुंचे, जहां आलोक की मुलाकात किराए के किलरों से हुई। इसके बाद आरोपी कुल्हाड़ी, बसूला, लाठी और सिलबट्टे का बट्टा साथ में लेकर पहुंचे।
इसके बाद सभी ने सोते हुए राजेंद्र पटेल, रूपा पटेल और नौकरानी सीमा बैगा पर हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र पटेल और सीमा बैगा की मौत हो गई, जबकि रूपा पटेल की हालत गंभीर है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मारने का इरादा सिर्फ राजेंद्र पटेल और रूपा पटेल का था, लेकिन सीमा बैगा की हत्या गलती से हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आलोक के पिता जमीन-जायदाद छोटे बेटे आयुष पटेल को देने की बात कहते थे, जिससे आलोक नाराज रहता था।
25 नवंबर को 18वें जन्मदिन पर दोस्तों के साथ बाहर जाने को लेकर पिता ने आलोक को डांटा और थप्पड़ मारा था। इसके बाद वह गुस्से में आ गया और उसने अपने 16 वर्षीय दोस्त से संपर्क किया, जिसने आगे हत्या की साजिश में भूमिका निभाई।
4 दिसंबर को एक नाबालिग से मुलाकात के दौरान 5 लाख रुपये में डील तय हुई। पूरी बातचीत मोबाइल में रिकॉर्ड की गई, जो पुलिस के लिए अहम सबूत बनी।
पुलिस ने मास्टरमाइंड आलोक पटेल को गिरफ्तार कर लिया।
दोहरी हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में आलोक, सक्षम और देवेंद्र सहित 2 नाबालिगों को कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने 3 आरोपियों को जेल और 2 नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया।
अनूपपुर एसपी मोती उर रहमान ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, बसूला और मोबाइल जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।