VIDEO कॉल पर प्रेमिका से बात करते हुए छात्र ने लगाई फांसी…

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक छात्र ने अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने छात्र की प्रेमिका पर मानसिक प्रताड़ना, शादी का दबाव बनाने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए है।

परिजनों के मुताबिक, घटना के वक्त छात्र अपने कमरे में अकेला था और मोबाइल फोन पर गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। बातचीत के दौरान ही उसने अचानक यह खौफनाक कदम उठा लिया। कुछ समय बाद जब परिजनों को शक हुआ और कमरे में पहुंचे, तो छात्र फंदे से लटका मिला।

मृतक छात्र के परिजनों का कहना है कि लड़की लंबे समय से उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। परिवार का दावा है कि इसी लगातार मानसिक दबाव, डर और तनाव के कारण छात्र टूट गया और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

परिजनों ने बताया कि छात्र पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान और चुप-चुप रहने लगा था। हालांकि उसने कभी खुलकर कुछ नहीं बताया। घटना के बाद मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड से प्रेम संबंध और दबाव की बात सामने आई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और कमरे से मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल्स और चैट की जांच की जा रही है। परिजनों के आरोपों के आधार पर मानसिक प्रताड़ना के एंगल से भी मामले की पड़ताल होगी, फिलहाल केस आत्महत्या का दर्ज किया गया है, लेकिन जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर युवाओं के रिश्तों में बढ़ते मानसिक दबाव और भावनात्मक तनाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में समय पर बातचीत, परिवार का सहयोग और काउंसलिंग बेहद ज़रूरी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *