सीएम हेल्पलाइन से छात्रा का सपना हुआ साकार; आधार में जन्मतिथि सुधरने से उच्च शिक्षा का रास्ता खुला…

अंबिकापुर की आराधना सिंह की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, एक सप्ताह में हुआ आधार कार्ड संशोधित

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के ग्राम करिया की छात्रा आराधना सिंह के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। आधार कार्ड में जन्मतिथि की त्रुटि के कारण उनकी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया और आगे की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका थी। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद प्रशासन की त्वरित पहल से उनकी समस्या का समाधान हो गया।

आराधना ने बताया कि 12वीं पास करने के बाद कॉलेज में प्रवेश के दौरान दस्तावेजों की जांच में आधार कार्ड की जन्मतिथि अन्य दस्तावेजों से करीब तीन वर्ष अलग पाई गई। उन्होंने आधार सेंटर और डाकघर में कई बार सुधार कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे वे भविष्य की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चिंतित थीं।

इसी दौरान उनके चाचा को सीएम हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली और उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद संबंधित अधिकारियों ने आराधना से संपर्क कर जन्मतिथि संशोधन की पूरी प्रक्रिया समझाई और आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में मार्गदर्शन दिया।

अधिकारियों के निर्देशानुसार आराधना ने शपथ पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा किए। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक सप्ताह में उनका संशोधित आधार कार्ड जारी कर दिया गया।

जन्मतिथि में सुधार होने के बाद आराधना ने खुशी जताते हुए कहा कि अब वे बिना किसी बाधा के अपनी उच्च शिक्षा पूरी कर सकेंगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी पूरे आत्मविश्वास के साथ कर पाएंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। साथ ही उन्होंने लोगों से भी जरूरत पड़ने पर सीएम हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *