सोशल मीडिया से मिली सीएम हेल्पलाइन 1076 की जानकारी, कलेक्टर ने सौंपी ट्राइसाइकिल; दिव्यांगों के लिए रिपेयरिंग शॉप खोलने की घोषणा…

सीएम हेल्पलाइन 1076 का असर: 15 दिन में दिव्यांग दुर्गेश साहू को मिली नई बैटरी ट्राइसाइकिल

बलौदाबाजार। सोशल मीडिया के जरिए सीएम हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिलने के बाद बलौदाबाजार की संजय कॉलोनी निवासी दिव्यांग दुर्गेश साहू ने नई ट्राइसाइकिल के लिए आवेदन किया। शिकायत दर्ज होने के महज 15 दिनों के भीतर समाज कल्याण विभाग ने उन्हें नई बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को दुर्गेश साहू को नई ट्राइसाइकिल सौंपते हुए उनका हालचाल जाना। दुर्गेश ने बताया कि नई ट्राइसाइकिल की गुणवत्ता बेहतर है और इसकी ऊंचाई सुविधाजनक होने से इसे चलाने में आसानी होगी।

इस दौरान कलेक्टर ने घोषणा की कि दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल और अन्य सहायक उपकरणों की मरम्मत के लिए बार-बार परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन जल्द ही स्थानीय स्तर पर रिपेयरिंग शॉप शुरू करेगा।

दुर्गेश साहू वर्ष 2010 में सड़क दुर्घटना के बाद कमर के नीचे से दिव्यांग हो गए थे। पहले उन्हें समाज कल्याण विभाग से ट्राइसाइकिल मिली थी, लेकिन उसके महत्वपूर्ण पार्ट्स खराब होने से उनकी आवाजाही और आजीविका प्रभावित हो रही थी। सोशल मीडिया से सीएम हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिलने पर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई और 15 दिनों के भीतर नई बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल मिल गई।

नई ट्राइसाइकिल मिलने से अब दुर्गेश अपनी किराना दुकान का संचालन और दैनिक कार्य पहले की तुलना में अधिक आसानी से कर सकेंगे। समाज कल्याण विभाग की उप संचालक सिनीवाली गोयल ने उन्हें दिव्यांगजनों के लिए संचालित ऋण योजनाओं की जानकारी भी दी।

दुर्गेश के पुत्र रवि कुमार साहू ने कहा कि नई ट्राइसाइकिल मिलने से उनके पिता अब आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए सीएम हेल्पलाइन 1076 को आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *