इंस्टाग्राम वाला प्यार बना मौत की वजह, मोनिका संग भागे मिथलेश की गई जान
बालोद। जिले में प्रेम प्रसंग का एक दर्दनाक अंत सामने आया है। कोकरा गांव की रहने वाली मोनिका खरे (23) अपने प्रेमी मिथलेश ठाकुर (28) के साथ घर से भाग गई थी। दोनों रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद ट्रेन की चपेट में आने से मिथलेश की मौत हो गई, जबकि मोनिका घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मोनिका की शादी 22 अप्रैल 2026 को जगन्नाथपुर क्षेत्र के परसोदा निवासी टीकम कुमार खरे से हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल में रह रही थी। लेकिन शनिवार 6 जून की रात करीब एक बजे वह पति को सोता छोड़कर प्रेमी मिथलेश के साथ बाइक से घर से निकल गई।
बताया जा रहा है कि दोनों करीब 20 किलोमीटर दूर देहान गांव के पास रेलवे अंडरब्रिज और ट्रैक के नजदीक पहुंचे। यहां दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत और बहस होती रही। इसी दौरान घटनाक्रम ने दुखद मोड़ ले लिया और मिथलेश की जान चली गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मोनिका और मिथलेश की पहचान करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती समय के साथ गहरे प्रेम संबंध में बदल गई। शादी होने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
जांच में यह भी पता चला है कि मिथलेश ठाकुर पहले से शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। वह डौंडीलोहारा क्षेत्र के भीमपुरी गांव का निवासी था। पहले वह हाईवा चालक के रूप में काम करता था, लेकिन करीब एक माह पहले नौकरी छोड़कर घर पर ट्रैक्टर चला रहा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के पास हुई घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मोनिका के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।