भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई की आय बढ़ाने और शहर की मूलभूत जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में आज निगम सभागार में विभाग प्रमुखों और जोन आयुक्तों की विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजस्व वसूली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए।
बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम की संपत्तियों, विशेषकर दुकानों से नियमित और विधिवत किराया वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि जो भूखंड या आवास स्वामी लंबे समय से संपत्ति कर जमा नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
आयुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा, संपत्ति कर और जल कर समय पर जमा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। करों से प्राप्त राशि से ही शहर के विकास और सुविधाओं का विस्तार संभव होता है। समय पर भुगतान न होने से व्यवस्था सुधारने में बाधा आती है।
शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने कार्यपालन अभियंता सुनील जैन को निर्देशित किया कि पाइपलाइन और पानी टंकियों में आने वाली तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने शहर की उच्च क्षमता वाली पुरानी पानी टंकियों की मरम्मत के लिए विशेषज्ञ टीम से कार्य कराने के निर्देश भी दिए।
आयुक्त ने सभी जोन आयुक्तों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन जैसी मूलभूत जनसुविधाओं को प्राथमिकता दें। अत्यावश्यक और जनसुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न करने तथा तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर जनदर्शन, जनशिकायत, पीएम पोर्टल, निदान 1100 सहित अन्य शिकायतों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। लंबित एवं दोहराई जा रही शिकायतों में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। राजस्व मामलों में व्यवस्था सुधार को लेकर राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी को भी कड़े निर्देश जारी किए गए।
समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार दोहरे, उपायुक्त नरेन्द्र बंजारे, डी.के. कोसरिया, अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, सभी जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।