कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सामने आया ट्रिपल मर्डर केस अब और भी सनसनीखेज रूप ले चुका है। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच के बाद स्पष्ट हुआ है कि सभी तीन मृतकों की पतली रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई थी। शव एक कमरे में पड़े पाए गए-जिसमें एक के मुंह में नींबू और दूसरे की जेब में सिगरेट का पैकेट बरामद हुआ है, जिससे मामला और पेचीदा बन गया है।
मृतकों की पहचान:
मोहम्मद अशरफ मेमन – स्क्रैप व्यापारी (कोरबा)
सुरेश साहू – (कोरबा)
नीतीश कुमार – (दुर्ग / बलौदाबाजार) हुई है ।
पुलिस के अनुसार तीनों को कथित तांत्रिक अनुष्ठान यानी तंत्र-मंत्र की क्रिया के बहकावे में बुलाया गया था, जहां उन्हें 5 लाख रुपये को 2.5 करोड़ में बदलने का लालच दिया गया।
घटना उरगा थाना क्षेत्र के कुदरी गांव के एक फार्महाउस में हुई, जहां रात देर तक चलने वाले अनुष्ठान के बाद तीनों को एक कमरे में बंद कर दिया गया था। कुछ समय के बाद जब दरवाजा खोला गया, तो तीनों मृत मिले। पुलिस को घटनास्थल से प्रतीकात्मक वस्तुएं भी मिली हैं जिनकी जांच चल रही है।
पुलिस ने इस मामले में तांत्रिक समेत कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोग इस घटना को धन प्राप्ति के अंधविश्वास व धोखे का भयावह उदाहरण बता रहे हैं।